सुपौल। अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के तहत मंगलवार को अनुमंडल अस्पताल परिसर स्थित गेट संख्या 01 पर वीरपुर अग्निशामक विभाग की टीम द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान आग से बचाव एवं आपदा प्रबंधन को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि आग लगने की स्थिति में क्या करें और क्या नहीं करें। विशेष रूप से गैस सिलेंडर में आग लगने पर उसे सुरक्षित तरीके से कैसे बुझाया जाए, इसकी व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही आग लगने के बाद घायल लोगों के सुरक्षित बचाव और प्राथमिक उपचार के तरीकों को भी समझाया गया।
इसके अलावा अन्य आपदाओं के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी गई, जिससे अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजन और कर्मचारी जागरूक हो सकें।
अनुमंडल अस्पताल के प्रबंधक अविनाश कुमार ने बताया कि अग्निशामक विभाग की टीम द्वारा अस्पताल में जागरूकता अभियान चलाकर मरीजों के परिजनों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से आपात स्थिति में बेहतर तरीके से निपटने की क्षमता विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सुशील कुमार, अग्निशामक पदाधिकारी रंजीत कुमार, उप पदाधिकारी मनीष कुमार, प्रधान अग्निशामक कर्मी दिलीप कुमार पासवान, अग्नि चालक सुरभ कुमार, अग्निक रविरंजन कुमार, कुंदन कुमार सहित अस्पताल के कई कर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं