सुपौल। त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में आशा दिवस के अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अस्पताल क्षेत्र में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं ने पांच चरणों में भाग लिया।
अस्पताल प्रबंधक एस अदीब अहमद ने बताया कि आशा दिवस के तहत पांच चरणों में बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें यह पांचवां चरण था। इस चरण में करीब 60 आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य को सुदृढ़ करना है। आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सर्वे करते हुए प्रत्येक जानकारी को M-Asha App पर दर्ज करें तथा सर्वे रजिस्टर में भी प्रविष्टि सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए लू से बचाव और उससे संबंधित बीमारियों के प्रति भी जागरूक किया गया। आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और लू से बचाव के उपायों की जानकारी दें।
इसके साथ ही पछुआ हवा के कारण आग लगने की बढ़ती संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई। लोगों को सुबह के समय ही भोजन तैयार करने की भी अपील की गई, ताकि दिन में आग लगने की घटनाओं से बचा जा सके।
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान को और तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं