सुपौल। बच्चेदानी (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर शुक्रवार को प्रतापगंज प्रखंड कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा ने की।
बैठक में चिकित्सा प्रभारी डॉ. आनंद कुमार सिंह, प्रभारी बीईओ सीतेश झा, बीएचएम सुजीत कुमार, पंकज, बीसीएम प्रफुल्ल कुमार प्रियदर्शी एवं सीडीपीओ प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, जिसका मुख्य कारण ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (HPV) है। इससे बचाव के लिए टीकाकरण को सबसे प्रभावी उपाय माना गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 28 फरवरी 2026 से 14 वर्ष तक की बालिकाओं को HPV वैक्सीन दी जा रही है। चूंकि इस आयु वर्ग की अधिकांश बालिकाएं विद्यालयों में अध्ययनरत हैं, इसलिए स्कूल स्तर पर टीकाकरण अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
डॉ. आनंद ने बताया कि मुख्यमंत्री बालिका कैंसर प्रतिरक्षा योजना के तहत 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की उन बालिकाओं को, जिन्हें पहले HPV वैक्सीन की पहली खुराक मिल चुकी है, अब दूसरी खुराक दी जानी है। इसके लिए विद्यालयों के सहयोग से अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा ने निर्देश दिया कि सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ मदरसों के माध्यम से बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं