सुपौल। पिपरा थाना पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर रात करीब 2 बजे एक युवक को प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई दिवा गश्ती दल द्वारा विशनपुर वार्ड-14 स्थित डीहबार बाबा स्थान के समीप पक्की सड़क पर की गई।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि गश्ती के दौरान बिना नंबर की एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक की डिक्की से 100 पीस प्रतिबंधित एम्पुल इंजेक्शन बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपी के पास से दो स्मार्टफोन और 20 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। बाइक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के सिमरिया वार्ड-01 निवासी अशोक मेहता के 24 वर्षीय पुत्र ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पिपरा थाना कांड संख्या 155/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में नशा कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी कीमत पर इस अवैध धंधे को पनपने नहीं दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं