सुपौल। किशनपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत थरबिटिया रेलवे स्टेशन बाजार में बुधवार को रेलवे प्रशासन एवं अंचल प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 150 दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाकर बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
अभियान अंचलाधिकारी किशनपुर सुशीला कुमारी एवं रेलवे अधिकारी प्रकाश कुमार सिंह की निगरानी में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान रेलवे प्रशासन, बिहार पुलिस बल तथा स्थानीय प्रशासन की टीम मौजूद रही।
रेलवे अधिकारी प्रकाश कुमार सिंह ने बताया कि कुल 69 व्यक्तियों के नाम से निर्धारित स्क्वायर फीट के हिसाब से जमीन आवंटित की गई थी, लेकिन कई दुकानदारों द्वारा आवंटित भूमि से अधिक हिस्से पर कब्जा कर लिया गया था। इसके कारण बाजार में आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान दुकानदारों द्वारा सड़क तक फैलाए गए सामान और अस्थायी निर्माण को हटाया गया, जिससे मुख्य सड़क का रास्ता पूरी तरह बाधित हो रहा था।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि बाजार में पैदल चलना तक मुश्किल हो गया था। सड़क चौड़ी होने के बावजूद हर समय जाम जैसी स्थिति बनी रहती थी। अतिक्रमण हटने के बाद अब बाजार की व्यवस्था बेहतर हुई है और बाजार का सौंदर्य भी बढ़ा है।

कोई टिप्पणी नहीं