सुपौल। जिले के पिपरा प्रखंड के दीनापट्टी स्थित निर्माणाधीन लोहिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परियोजना का शुक्रवार को बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने निरीक्षण किया। दोपहर 12:30 बजे पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने परियोजना स्थल पर चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के कॉलेज ब्लॉक, अस्पताल ब्लॉक, छात्रावास ब्लॉक एवं आवासीय ब्लॉक में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया गया। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि परियोजना की प्रशासनिक स्वीकृत राशि 603 करोड़ रुपये है तथा वर्तमान में निर्माण कार्य लगभग 50 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। परियोजना को फरवरी 2027 तक पूरा किए जाने की संभावना जताई गई है।
उपमुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की वर्तमान प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना सुपौल सहित आसपास के क्षेत्रों के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर सावन कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा, साथ ही क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

कोई टिप्पणी नहीं