Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

किशनपुर : पुलिस ने 396 लीटर विदेशी शराब किया बरामद, तस्कर गिरफ्तार



सुपौल। किशनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 396 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के बौराहा पंचायत स्थित कोसी महासेतु पुल के निकट मंगलवार देर रात की गई।

थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अररिया की ओर से एनएच-27 होकर दरभंगा की तरफ एक कार में भारी मात्रा में विदेशी शराब ले जाई जा रही है। सूचना के बाद स्वयं थानाध्यक्ष एएसआई पंकज कुमार एवं पुलिस बल के साथ कोसी महासेतु के पूर्वी छोर पर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

जांच के दौरान रात करीब पौने बारह बजे एसके-04पी-4809 नंबर की संदिग्ध कार पहुंची। तलाशी लेने पर कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब एवं बीयर बरामद हुई। पुलिस ने वाहन से 500 एमएल की 720 बोतल में कुल 360 लीटर किंगफिशर बीयर तथा चार पेटी में 750 एमएल की 48 बोतलों में 36 लीटर विदेशी शराब बरामद की।

पुलिस ने मौके से कार चालक सिद्धार्थ महतो को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिला अंतर्गत प्रधाननगर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

इधर, पुलिस ने अलग कार्रवाई में परसामाधो पंचायत के वार्ड नंबर दो स्थित आसनपुर कुपहा निवासी सुरेंद्र शर्मा के घर के पीछे से 40 लीटर नेपाली देशी शराब भी बरामद की। इस मामले में सुरेंद्र शर्मा को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों मामलों में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं