सुपौल। किशनपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत थरबिटिया रेलवे स्टेशन परिसर में 13 मई को चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में रविवार को फुटपाथी दुकानदारों ने जोरदार प्रदर्शन किया। वर्षों से स्टेशन परिसर के फुटपाथ पर दुकान लगाकर जीविका चलाने वाले करीब 70 से अधिक दुकानदार एकजुट होकर कार्रवाई के खिलाफ आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन में देव राम साहनी, कृष्ण गोस्वामी, अनिल शाह, अजय शाह, मिथुन साहनी, दीपक साहनी, राजू शाह, मनोज चौधरी, जीवश चौधरी, मोहम्मद छोटे, मोहम्मद शमशेर, मोहम्मद अफरोज, शंकर शाह, नारायण शाह, सरवन कुमार, संजीत कुमार, मोहम्मद अख्तर, मोहम्मद आलम, हरिशंकर, विजय कुमार, भैया लाल, मोहम्मद बरका, रामा साह, गौतम साहनी, मिट्ठू गोस्वामी, आनंद कुमार, मोहम्मद शब्बीर, सुरेश शाह, मुकेश कुमार सहित सैकड़ों दुकानदार शामिल रहे।
प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल फुटपाथी दुकानदारों के खिलाफ की गई, जबकि अन्य दुकानदारों को नहीं हटाया गया। उनका कहना था कि प्रशासन को सभी के साथ समान व्यवहार करना चाहिए। दुकानदारों ने कहा कि दुकानें हटाए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शनकारी मोहम्मद अफरोज ने कहा कि उन्हें अतिक्रमण हटाने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन कार्रवाई सिर्फ गरीब फुटपाथी दुकानदारों पर की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लीजधारी दुकानदार अब भी उसी स्थान पर बने हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि रेलवे अपनी जमीन खाली कराना चाहती है, तो कार्रवाई सभी प्रकार के अतिक्रमण पर समान रूप से होनी चाहिए।
दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि कई लोगों को चार फीट की लीज मिली है, लेकिन उन्होंने आठ फीट तक दुकान का निर्माण कर रखा है। बावजूद इसके उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कुछ लोग लीज अपने नाम पर लेकर उसे लाखों रुपये में दूसरों को बेच देते हैं, जबकि वे स्थानीय निवासी भी नहीं हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की कि या तो सभी प्रकार के अतिक्रमण को पूरी तरह हटाया जाए या फिर फुटपाथी दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि उनके परिवार का भरण-पोषण प्रभावित न हो।

कोई टिप्पणी नहीं