सुपौल। भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल की 45वीं वाहिनी, बीरपुर अंतर्गत सीमा चौकी पिपराही ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।
45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि सीमा चौकी पिपराही क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की जा सकती है। सूचना के आधार पर विशेष पेट्रोलिंग पार्टी का गठन कर राहत एवं बचाव टीम के साथ कोसी पालर स्थित संदिग्ध स्थल पर छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को बताए गए स्थान पर घूमते देखा। जवानों ने उसे घेरकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम अशोक मुखिया बताया। इसके बाद सुरक्षा दल ने इलाके की सघन तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान रेत में दबे चार प्लास्टिक के बंडल बरामद किए गए। बंडलों की जांच करने पर उसमें गांजा पाया गया। बरामद गांजे का कुल वजन करीब 80 किलोग्राम बताया गया है।
इसके बाद बरामद गांजा एवं गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे थाना रतनपुरा, जिला सुपौल को सुपुर्द कर दिया गया।
इस अभियान में सहायक कमांडेंट Mayur Rangari सहित अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसएसबी की 45वीं वाहिनी द्वारा भारत–नेपाल सीमा पर तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं