सुपौल। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला नियोजनालय सुपौल द्वारा संयुक्त श्रम भवन स्थित सभा कक्ष में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS), राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (NAPS) एवं सीएम प्रतिज्ञा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगारपरक एवं कौशल विकास योजनाओं से जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण, इंटर्नशिप तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना तथा सीएम प्रतिज्ञा योजना के माध्यम से युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण, कार्य अनुभव एवं रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। साथ ही योजनाओं के लाभ, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं प्रशिक्षण के बाद मिलने वाले अवसरों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी सुपौल, उप विकास आयुक्त सुपौल, संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण), निशांत कुमार सहित पीएमआईएस एवं एनएपीएस योजना के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इन योजनाओं से जुड़कर अपने भविष्य को मजबूत बनाने की अपील की।

कोई टिप्पणी नहीं