सुपौल। पिपरा प्रखंड क्षेत्र की दिना पट्टी पंचायत अंतर्गत सखुआ वार्ड नंबर-6 स्थित शर्मा टोला में गुरुवार को उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक, पिपरा शाखा द्वारा वित्तीय साक्षरता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को बचत, लोन, बीमा योजनाओं तथा बढ़ते साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों के साथ पहुंचे बैंक मित्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को डिजिटल ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। नाटक में बताया गया कि साइबर ठग फोन कॉल, मैसेज या फर्जी लिंक के जरिए लोगों से यूपीआई पिन, ओटीपी और एटीएम कार्ड की जानकारी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते हैं।
बैंक मित्रों ने ग्रामीणों को स्पष्ट रूप से बताया कि बैंक, आरबीआई या किसी सरकारी एजेंसी का कोई भी अधिकारी फोन पर ओटीपी, पिन या पासवर्ड नहीं मांगता है। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल या लिंक से सावधान रहने की जरूरत है।
शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव के लोग मेहनत की कमाई साइबर ठगों के झांसे में आकर गंवा देते हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी लालच में आकर ओटीपी या पिन साझा नहीं करने की अपील की।
उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को मात्र 4 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने किसानों से साहूकारों के चंगुल में फंसकर अधिक ब्याज पर कर्ज लेने से बचने की अपील की। इसके अलावा मुद्रा लोन, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लाभ और आवेदन प्रक्रिया की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
शाखा प्रबंधक ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाती है, इसके लिए किसी बिचौलिए की आवश्यकता नहीं होती है।
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा, मुद्रा लोन के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं अटल पेंशन योजना के तहत मिलने वाली पेंशन राशि को लेकर कई सवाल पूछे। बैंक अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का संतोषजनक जवाब देते हुए आवश्यक फॉर्म भी उपलब्ध कराए।
बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों को उन गिरोहों से भी सतर्क रहने को कहा, जो फोन कर बिना गारंटी के तुरंत लोन देने का झांसा देते हैं और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठगी कर लेते हैं।
कार्यक्रम में बैंक कर्मी विशाल गौरव, जितेन्द्र कुमार, रेशमी शर्मा समेत स्थानीय बैंक मित्र बुचाय यादव, संजय झा, लक्ष्मी देवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान से बैंकिंग सेवाओं के सही उपयोग और साइबर ठगी से बचाव की जानकारी मिलती है।

कोई टिप्पणी नहीं