सुपौल। त्रिवेणीगंज नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव बुधवार को अनुमंडल सभागार में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी अभिषेक कुमार की देखरेख में कराई गई।
चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बीडीओ मोहम्मद सदरूल हसन, बीपीआरओ मनीष कुमार तथा प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सुनील कुमार सुमन की प्रतिनियुक्ति की गई थी। वहीं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।
सशक्त स्थायी समिति के चुनाव में वार्ड पार्षदों ने एक बार फिर अनुभवी और पुराने चेहरों पर भरोसा जताया। पूर्व सदस्य महेश कुमार, शिवशंकर साह और किरण प्रकाश दोबारा जीत दर्ज करने में सफल रहे। समिति के लिए कुल पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, जिनमें महेश कुमार, शिवशंकर साह, किरण प्रकाश, सुमन कुमार और शंकर कुमार शामिल थे।
मतदान प्रक्रिया के दौरान कुल 27 वार्ड पार्षदों ने बारी-बारी से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव परिणाम में महेश कुमार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं दूसरे पद के लिए शिवशंकर साह और सुमन कुमार को बराबर 13-13 मत प्राप्त हुए, जबकि एक मत रद्द कर दिया गया। बराबरी की स्थिति होने पर लॉटरी के माध्यम से निर्णय लिया गया, जिसमें शिवशंकर साह विजयी घोषित किए गए।
इसके अलावा किरण प्रकाश को 14 मत प्राप्त हुए, जबकि शंकर कुमार को 12 मत मिले। एक मत रद्द होने के कारण किरण प्रकाश दो मतों से विजयी रहीं।
परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीएम अभिषेक कुमार ने विजयी प्रत्याशियों महेश कुमार, शिवशंकर साह एवं किरण प्रकाश को प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही तीनों निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई।
चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया और विजयी प्रत्याशियों को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

कोई टिप्पणी नहीं