सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के गुरमैता उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में मंगलवार को आरटीसी एसएसबी आसनपुर कुपहा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसएसबी के उप कमांडेंट अंसल श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
उन्होंने विद्यार्थियों को हृदयाघात, बाढ़, आगजनी एवं वज्रपात जैसी आपदाओं के दौरान सतर्क रहने और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। उप कमांडेंट ने कहा कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ एवं जागरूकता के साथ कार्य करना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने गांजा, चरस, अफीम समेत अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील करते हुए छात्र-छात्राओं को स्वयं जागरूक बनने तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया। साथ ही मोटा अनाज खाने के फायदे एवं “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में एसएसबी के डॉक्टर धीरज कुमार, एसआई उत्तम चंद्र ठाकुर, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधीर कुमार यादव, शिक्षक प्रमोद कुमार, रामकृष्ण परमहंस, दिलीप कुमार, संजीव कुमार, विशाल कुमार, ललित शर्मा, कंचन कुमार, दीक्षा गुप्ता, संजीत कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं