सुपौल। राघोपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा तथा बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की बजाज पल्सर 220 सीसी मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना थाना क्षेत्र के दौलतपुर वार्ड नंबर 09 स्थित पैक्स गोदाम कचरा भवन के पास की बताई जा रही है। जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि डायल 112 पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक हथियार लेकर इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही डायल 112 एवं राघोपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ रखा था।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तार युवक की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के बेलही वार्ड नंबर 3 निवासी राकेश कुमार शर्मा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल के हेडलाइट के आगे छिपाकर रखा गया एक लोहे का देशी कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा हथियार से संबंधित वैध कागजात मांगने पर युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने देशी कट्टा एवं बिना नंबर की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं