सुपौल। रतनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2400 बोतल नेपाली शराब बरामद की है। यह कार्रवाई गुरुवार की देर रात करीब 11:30 बजे पूर्वी कोसी तटबंध के 12.37 किलोमीटर बिंदु के समीप तथा एसएसबी की 45वीं बटालियन के पिपराही कैंप के सामने की गई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक नाव भी जब्त की है। हालांकि अंधेरे का लाभ उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नदी मार्ग के जरिए नेपाल से बड़ी मात्रा में शराब की खेप भारतीय सीमा में लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तटबंध के समीप छापेमारी की। पुलिस को देखते ही तस्कर शराब से लदी नाव छोड़कर भाग निकले।
तलाशी के दौरान नाव से 2400 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 720 लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने शराब और नाव को जब्त कर थाना लाया तथा मामले में अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस बरामदगी के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जिस स्थान से शराब की खेप बरामद हुई, वह एसएसबी के पिपराही कैंप के सामने स्थित है। ऐसे में सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
रतनपुर पुलिस ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं