सुपौल। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन की विभिन्न समस्याओं को लेकर गढ़ बरूआरी के रेल अधीक्षक के माध्यम से रेल प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पुरवइया एक्सप्रेस का स्थायी संचालन सहरसा के बजाय ललितग्राम से किया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की कि वैशाली एक्सप्रेस का ठहराव गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाए, स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ललितग्राम से पटना के बीच रात्रिकालीन ट्रेन सेवा उपलब्ध कराई जाए तथा जोगबनी एक्सप्रेस का भी गढ़ बरूआरी स्टेशन पर ठहराव दिया जाए।
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि यदि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने समर्थकों के साथ रेल महाप्रबंधक से मिलकर विस्तृत ज्ञापन सौंपेंगे और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराएंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी दो बार मंडल रेल प्रबंधक द्वारा आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसके बावजूद भी रेल प्रशासन द्वारा कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो रेल मंत्री के समक्ष मामला उठाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर रेल चक्का जाम आंदोलन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर मनोज कुमार, राजू कुमार, ललित मंगल, संतोष कुमार, अजीत कुमार झा, दीपक कुमार, चंदन कुमार, मनीष कुमार, संजय कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं