सुपौल। उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव के शनिवार को प्रस्तावित त्रिवेणीगंज दौरे एवं डपरखा स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।
शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद सदरूल हसन, बीपीआरओ मनीष कुमार मीनू, अंचलाधिकारी प्रियंका सिंह, राजस्व पदाधिकारी राकेश कुमार एवं थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने डपरखा स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय परिसर एवं मेला ग्राउंड स्थित मुख्य पार्षद आवास का निरीक्षण किया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल, मुख्य मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार की गई है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली, शौचालय एवं बैठने की व्यवस्था तेजी से पूरी की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इधर, उपमुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ता लगातार बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में जुटे हुए हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है और लोगों में कार्यक्रम को लेकर उत्सुकता देखी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं