सुपौल। सीमावर्ती क्षेत्र भीमनगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित विष्णु स्टोर में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वाणिज्य कर विभाग की टीम ने छापेमारी कर जांच-पड़ताल की। वाणिज्य कर विभाग की चार सदस्यीय टीम ने पिछले एक वर्ष के क्रय-विक्रय एवं जीएसटी से संबंधित दस्तावेजों की जांच को लेकर कार्रवाई की।
जांच के दौरान अधिकारियों ने गोदाम में रखे चीनी, तेल, जीरा सहित अन्य खाद्य सामग्री के भंडारण की जानकारी ली। मौके पर मौजूद दुकान मालिक मृत्युंजय साह से आवश्यक पूछताछ भी की गई। करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान भीमनगर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
वाणिज्य कर विभाग की टीम ने जीएसटी भुगतान, ऑनलाइन बिक्री तथा गोदाम में अपेक्षाकृत कम मात्रा में सामान होने को लेकर भी जानकारी ली। इस पर दुकान मालिक मृत्युंजय साह ने बताया कि बाजार में मंदी रहने के कारण गोदाम में सामान कम है। उन्होंने कहा कि सभी सामानों की बिक्री ऑनलाइन माध्यम से की जाती है तथा प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से जीएसटी का भुगतान किया जाता है। साथ ही अग्रिम जीएसटी भी ऑनलाइन जमा किया जा चुका है।
मामले को लेकर वाणिज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर Bhaskar Rajak ने बताया कि भीमनगर स्थित विष्णु स्टोर का भौतिक सत्यापन किया गया है और गोदाम में रखे सामानों का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान दुकान मालिक द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। विभाग की ओर से अलग से नोटिस जारी कर संबंधित पक्ष को बुलाया जाएगा, जिसके बाद उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि फिलहाल कोई विशेष गुप्त सूचना नहीं मिली थी, लेकिन मामला इंटेलिजेंस से जुड़ा हुआ है और विभाग विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं