सुपौल। सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा। शिव भक्तों ने विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कोसी महासेतु स्थित महादेव मंदिर में सुबह से ही शिव भक्तों के जत्थे पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने कोसी नदी में स्नान कर पवित्र जल भरा और कतारबद्ध होकर मंदिर पहुंचकर बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर जलार्पण किया। मंदिर में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे।
इसी तरह किशनपुर स्थित किशनेश्वर नाथ महादेव मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। बड़ी संख्या में शिव भक्त कोसी महासेतु से जल भरकर मंदिर पहुंचे और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मौजहा स्थित शिव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
वहीं बाबा जागेश्वर नाथ महादेव मंदिर अभुआर, महिपट्टी सहित प्रखंड क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भी तीसरी सोमवारी को लेकर विशेष चहल-पहल रही। कई मंदिरों में श्रद्धालु कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
कोसी महासेतु पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। महासेतु पर वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस पदाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ एवं यातायात व्यवस्था पर नजर रखते रहे।
कोसी नदी में स्नान के दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो, इसके लिए आपदा मित्रों की भी तैनाती की गई थी। आपदा मित्र नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उन्हें सुरक्षित रहने की हिदायत देते रहे। प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।

कोई टिप्पणी नहीं