सुपौल। बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद शनिवार को सिमराही पहुंचे। उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगड़िया के आवास पर स्थानीय एनडीए कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।
सिमराही पहुंचने पर सचिन माधोगड़िया ने अंगवस्त्र, पाग एवं पुष्पमाला भेंट कर मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव एवं जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने भी अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास से जुड़े मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। संगठन की गतिविधियों, क्षेत्र के विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा आम लोगों से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं को उचित माध्यम से सरकार तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय स्तर पर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की। मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, सीमा कुशवाहा, नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा, राजकुमार पौद्दार सहित भाजपा एवं एनडीए के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने मंत्री के साथ हुए संवाद को सकारात्मक और उत्साहवर्धक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होता है तथा क्षेत्रीय समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने का अवसर मिलता है।

कोई टिप्पणी नहीं