सुपौल। जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर शुक्रवार, 07 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (National TB Elimination Programme) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में टीबी मरीजों की पहचान से लेकर उपचार एवं फॉलोअप तक की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान टीबी मरीजों की पहचान, उपचार सफलता दर, निक्षय पोर्टल पर शत-प्रतिशत डेटा प्रविष्टि, निक्षय पोषण योजना, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, उच्च जोखिम वाले समूहों की स्क्रीनिंग तथा 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान की प्रगति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने Differentiated TB Care, TPT एवं NPY की भी गहन समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में राघोपुर, बसंतपुर एवं निर्मली में कार्यरत यक्ष्मा पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित सभी लंबित आंकड़ों को 08 अगस्त की शाम तक निक्षय पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार शुरू कराया जाए तथा उपचार के दौरान नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया।
डीएम ने कहा कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने टीबी के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए जन-जागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में संबंधित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी एवं कार्यक्रम से जुड़े कर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं