सुपौल।विजयादशमी के मौके पर दुर्गा पूजा समितियों द्वारा गांधी मैदान में रावण वध का कार्यक्रम आयोजित किया गया। 50 फीट उंचे रावण और मेघनाद का वध किया गया। मौके पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। इससे पूर्व आयोजन समिति द्वारा गांधी मैदान से विशाल विजय जुलूस निकाला गया। जिसमें राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान एवं अन्य देवी-देवताओं की झांकी भी शामिल थी। जुलूस में बैंड बाजे दस्ता भी शामिल था। गांधी मैदान में रावण वध कार्यक्रम के बाद मुख्य मंच पर भगवान श्री राम का राज्याभिषेक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
डीएम कौशल कुमार ने श्री राम को माला पहना कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। उन्होंने सफल कार्यक्रम के लिए आयोजन समिति सहित आमलोगों का भी धन्यवाद किया। एसपी शैशव यादव ने कहा कि यह असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। गांधी मैदान में रावण वध संपन्न होने के बाद गांधी मैदान से लोग अपने-अपने घर लौटने के लिए तेजी से निकलने लगे। इस दौरान मैदान के चारों गेट पर घंटों लोगों की भीड़ लगी रही। मैदान से निकलने के बाद शहर की सभी सड़कों पर लोगों का जाम लगा रहा। इस दौरान वाहनों के परिचालन पर रोक लगायी गई थी। लेकिन पैदल चल रहे लोगों की इतनी संख्या थी कि लोग कछुए की चाल से चलने को विवश हो रहे थे। वहीं रावण वध को लेकर शहर में ट्रेफिक व्यवस्था चुस्त-दुरूस्त दिखी। सभी प्रमुख चौक - चौराहे पर पुलिस पदाधिकारी के साथ पुलिस बल मौजूद थे। दशहरा पर्व संपन्न होने के साथ ही प्रतिमा विसर्जन का दौर प्रारंभ हो गया। जिला मुख्यालय में बुधवार की संध्या रेलवे माल गोदाम स्थित मां दुर्गा की प्रतिमा का धूमधाम से विसर्जन किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं