सुपौल। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सिमराही बाजार के तत्वावधान में स्थानीय ओम शांति केन्द्र पर दीपावली के उपलक्ष्य में भव्य स्नेह मिलन एवं आध्यात्मिक समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां मां लक्ष्मी के चैतन्य झांकी का पूजा अर्चना किया गया। कार्यक्रम का उदघाटन स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी बबीता दीदी, प्रो बैधनाथ भगत, डॉ वीरेंद्र प्रसाद साह, सुमन पराग, हीरा साह, इंद्रदेव चौधरी, अरूण जायसवाल, दिलीप महतो, रामचन्द्र जयसवाल, ब्रह्माकुमार किशोर भाई, वीणा बहन, पिंकी बहन, सत्यनारायण सहित अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते ब्रम्हाकुमारी बबीता दीदी ने कहा कि दीपावली त्योहार में हम सब जिस प्रकार घर की सफाई का ध्यान रखते हैं, उसी प्रकार अंतर्मन की सफाई भी जरूरी है। बाहर के अंधकार को तो मिट्टी के दीपक जलाकर दूर कर सकते हैं। किंतु अंतर्मन में छाए हुए अंधकार को दूर करने के लिए शुभ संकल्पों के दीप जलाने होंगे। सभी का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आओ हम सभी मनुष्य सत्य परमात्मा के सत्य ज्ञान को ले कर अपने जीवन को पावन बनाएं। अपने आत्म ज्योति जगाकर ईश्वरीय मिलन का वास्तविक सुख प्राप्त करें।
वहीं मुख्य अतिथि प्रो भगत ने कहा कि हमेशा दूसरों के लिए अच्छा सोचें। सदैव शुभ सोचेंगे तो लाभ होना ही है। इसलिए हमारी भारतीय संस्कृति में जब कोई नया कार्य शुरू करते हैं तो स्वस्तिका के साथ शुभ और लाभ लिखते हैं। क्योंकि शुभ के साथ लाभ जुड़ा हुआ है।
कोई टिप्पणी नहीं