भगवान राम ने यात्रा कर समाज को जोड़ने का कार्य किए-डॉ. अमन सुपौल। सदर प्रखंड अंतर्गत सुधीर नगर चौघारा में सार्वजनिक मेला समिति के सौजन्य ...
- भगवान राम ने यात्रा कर समाज को जोड़ने का कार्य किए-डॉ. अमन
सुपौल। सदर प्रखंड अंतर्गत सुधीर नगर चौघारा में सार्वजनिक मेला समिति के सौजन्य से रामायण मेला का आयोजन किया गया। जिसमें 05 से 16 नवंबर 2023 तक प्रत्येक दिन रामलीला का आयोजन किया जाएगा। मेला में रामायण से सम्बंधित कई प्रकाशन के पुस्तक भी धर्म प्रेमी प्राप्त कर सकते हैं। जिसका विधिवत उद्घाटन लोरिक विचार मंच के प्रदेश संयोजक डॉ. अमन कुमार के द्वारा फीता काटकर किया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष सुधीर यादव की अध्यक्षता में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. अमन कुमार ने कहा कि भगवान राम उत्तर से दक्षिण की यात्रा कर समाज, देश, और दुनिया को जोड़ने का काम किए साथ ही भाईचारा और सामाजिक बंधन को मजबूत करने का सन्देश दिए। भगवान श्री राम ने मर्यादा के पालन के लिए राज्य, मित्र, माता-पिता और पत्नी का भी साथ छोड़ा। पिता के वचन की रक्षा के लिए श्रीराम ने ख़ुशी से चौदह वर्ष का वनवास स्वीकार किए। आज इंसान अपने वचन का भी पालन नहीं कर पाते हैं। डॉ. कुमार ने कहा कि रावण अति समृद्धशाली और ज्ञानी होते हुए भी अपने अहंकार के मद में चूर रहने के कारण स्वर्ण लंका सहित अपने कुल का सर्वनाश कर दिया। इससे आम जनों को सबक लेने की आवश्यकता है। कहा कि समाज धर्म, जाति, अकूत संपत्ति, सत्ता और शराब, गांजा, भांग आदि के नशा में चूर है। जिसके कारण देश के अधिकतर आबादी दिग्भ्रमित होकर अहंकार, घमंड, ईर्ष्या के साथ नारकीय जीवन जीने के लिए मजबूर है।जिससे इंसान का अनमोल जीवन समय से पहले नष्ट हो जाता है। जिसके वजह से स्वच्छ, सुन्दर, खुशहाल, शिक्षित और विकसित समाज का निर्माण नहीं हो पा रहा है। कहा कि विश्व विजेता सिकंदर महान के पास अकूत संपत्ति होने के बावजूद भी मौत को नहीं खरीद सका और खाली हाथ दुनिया से चले गए फिर भी इंसान न जाने कितने तरह के कुकर्म करके संपत्ति अर्जित करने के लिए दिन-रात बेचैन रहते हैं। राम के भक्त और रहीम के बन्दे थोड़ी अक्ल से काम ले तो यह मुल्क स्वर्ग से भी सुंदर बन सकता है। वक्ताओं ने कहा कि मेला समाज में एकता, भारतीय संस्कृति की गहराई, विविधता और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाता है। मेला सामूहिक खुशियां, मित्रता और संवाद का बेहतर माध्यम है। समारोह में सुधीर मिश्रा, गणेश यादव, शम्भू कुमार यादव, फुलेन्द्र यादव, खुद्दी मेहता, नरेश कुमार, उप मुखिया हरिबोल यादव, मो. असगर अली, शशि मंडल, प्रीतम कुमार चौधरी, गौरख झा, मोहन कुमार, मनोज शर्मा, प्रदीप यादव आदि उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं