सुपौल। पूर्व पीएम भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सभी 27 मंडलों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। जिला मुख्यालय में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नलिन जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय में लीची, आंवला, कटहल एवं अमरूद के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने किसान मोर्चा एवं भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र उत्थान व जन सेवा को समर्पित अटल जी का संपूर्ण जीवन सदैव हमारे प्रेरणा श्रोत बना रहेगा। उन्होंने निस्वार्थ भाव से देश की सेवा की। परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध में विश्व को उभरते भारत की शक्ति का एहसास कराया। देश में सुशासन की परिकल्पना को चरितार्थ किया। ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर जिनका लाभ सुपौलवासी ले रहे हैं, उनका श्रेय भी अटल जी को ही जाता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने कहा राजनेता, कवि, साहित्यकार एवं पत्रकार सभी क्षेत्र में अटल जी की एक अलग छवि रही। देश में पहली बार विकास और सुशासन की अवधारणा को जमीन पर उन्होंने ही उतारा। किसान मोर्चा बिहार प्रदेश के मंत्री शंकर ठाकुर ने पौधरोपण की महत्ता पर प्रकाश डाला। कहा कि कितना दुख होता है कि हम प्रौद्योगिकी के इतने आदी हो गए हैं कि हम अपने पर्यावरण पर होने वाले हानिकारक प्रभावों की अनदेखी करते है। न केवल प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल, प्रकृति को नष्ट कर रहे हैं। कहा कि अगर हम वास्तव में जीवित रहना चाहते हैं और अच्छे जीवन-यापन करना चाहते हैं तो अधिक से अधिक पेड़ लगाया जाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल कादिर एवं जदयू के पूर्व पंचायत अध्यक्ष अब्दुल हलीम को भाजपा की सदस्यता दिलाई। मौके पर मधेपुरा लोकसभा प्रभारी डॉ विजय शंकर चौधरी, मधुबनी जिला प्रभारी रामकुमार राय, भाजयुमो जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रभाष मंडल, अल्पसंख्यक मोर्चा के जहीर आलम, जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र नारायण पाठक, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सतीश कुमार सुशील, जिला कार्यालय मंत्री विमलेंदु ठाकुर, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष चितनारायण मेहता, कमलेश मंडल, जिला मंत्री सरोज देवी, जिला कोषाध्यक्ष भोलानाथ जायसवाल, सोशल मीडिया प्रमुख राजेश मल्लिक, प्रशिक्षण प्रभारी अरविंद मेहता, पिपरा पूरब के मंडल अध्यक्ष राधेश्याम कुमार, नीतू देवी, रमेश कुमार आदि मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं