सुपौल। आसन्न लोकसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। भयमुक्त व निष्पक्ष मतदान को लेकर सभी कार्य संपादित किया जा रहा है। निष्पक्ष चुनाव को लेकर विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया है। कोषांगों में प्रतिनियुक्ति अधिकारियों और कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उक्त बातें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कही। डीएम श्री कुमार पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि 12 अंतरर्राष्ट्रीय व अंतर जिला सीमा पर 14 चेक पोस्ट बनाये गये हैं। जहां सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है। कहा कि मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 09 विभागों के द्वारा लगातार जागरूकता अभियान डोर- टू-डोर चलाया जा रहा है। कहा कि 86 प्रतिशत लोग जो गांव में रहते हैं। उन्हें लोकतंत्र के इस महापर्व में सहभागी बनाने की दिशा में सार्थक पहल की जा रही है। इसके अतिरिक्त मतदान केंद्रों पर दीवाल लेखन का कार्य किया जा रहा है। मौके पर एसपी शैशव यादव, डीडीसी सुधीर कुमार, एडीएम रशीद कलीम अंसारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी अनिरूद्ध प्रसाद यादव, डीपीआरओ सावन कुमार आदि मौजूद थे।
एसपी शैशव यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जिले में स्थापित चेक पोस्ट पर पुलिस बल द्वारा वाहनों की जांच की जा रही है। असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावे पुलिस के संज्ञान में ऐसे असामाजिक तत्व जो चुनाव में व्यवधान पहुंचा सकते हैं, उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। श्री यादव ने बताया कि जिले में अब तक 14 हजार 714 लोगों के खिलाफ धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। इस साल अब तक 12865.65 लीटर देसी और 6027.07 लीटर विदेशी शराब जब्त करते हुए कुल 336 प्राथमिकी दर्ज की गयी है। शराब सेवन और तस्करी के मामले में कुल 673 लोगों की गिरफ्तारी किया गया। 517 किलो गांजा, 21 अवैध हथियार और 29 कारतूस की बरामदगी हुई है।
कोई टिप्पणी नहीं