सुपौल। क्रीड़ा भारती सुपौल जिला इकाई के तत्वाधान में गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला अध्यक्ष राजेश मोहनका की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में योग साधकों और संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रांत मंत्री अमित ठाकुर ने उपस्थित लोगों को मंत्र उच्चारण के साथ सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार को सभी योगासनों का राजा माना जाता है, क्योंकि इसमें प्रणामासन, हस्त उत्तानासन, हस्त पादासन, अश्व संचालनासन, दंडासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन और पर्वतासन जैसे महत्वपूर्ण योगासन शामिल होते हैं। नियमित रूप से सूर्य नमस्कार करने से शरीर लचीला और स्वस्थ रहता है।
प्रांत उपाध्यक्ष सुमनचंद ने कहा कि सूर्य नमस्कार क्रीड़ा भारती के पंचसूत्री कार्यक्रमों में से एक प्रमुख कार्यक्रम है। यह पिछले तीन दशकों से संपूर्ण भारत में "जागतिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम" के रूप में मनाया जाता है। खासकर माघ मास की रथ सप्तमी के दिन इसे पूरे देश में बड़े स्तर पर आयोजित किया जाता है।
जिला अध्यक्ष राजेश मोहनका ने बताया कि कल सुपौल जिले के सिमराही में भी सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रांत अध्यक्ष चंद्रशेखर अधिकारी और प्रांत मंत्री अमित ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा उत्तर बिहार प्रांत की 75 सदस्यीय टीम कल पूर्वाह्न 10 बजे बस एवं स्कॉर्पियो से प्रयागराज में होने वाले खेल महाकुंभ में भाग लेने के लिए रवाना होगी। इस आयोजन को सफल बनाने में जिला उपाध्यक्ष उमाकांत साह, जिला उपाध्यक्ष सुनील यादव, उपेंद्र सिंह, जिला सह मंत्री मणिकांत श्रवण, आदित्य वत्स और प्रतीक शांडिल्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे इसे अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएंगे।
कोई टिप्पणी नहीं