सुपौल। छातापुर प्रखंड के लालगंज पंचायत वार्ड संख्या 14 स्थित शहारा जीविका महिला ग्राम संगठन एवं राजेश्वरी पूर्वी स्थित अमर जीविका महिला ग्राम संगठन में मंगलवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी उत्साहजनक रही।
शहारा जीविका ग्राम संगठन में हुए कार्यक्रम में बीपीएम रमाकांत मंडल, सामुदायिक समन्वयक और जीविका दीदियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई, साथ ही उनके सक्रिय क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
ग्राम संगठन की सचिव उषा देवी सहित कई महिलाओं ने योजनाओं से प्राप्त लाभ और समाज में मिली प्रतिष्ठा को साझा किया। बीपीएम रमाकांत मंडल ने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में यह संवाद कार्यक्रम बेहद प्रभावी कदम है। इससे सरकार को भी यह जानने में मदद मिलती है कि महिलाएं क्या चाहती हैं और उनकी जरूरतें क्या हैं।
मौके पर सामुदायिक समन्वयक उदयानंद मंडल व मंजू कुमारी, संकुल संघ लेखापाल रूपक कुमार, जीविका मित्र परासमेन देवी एवं शबनम कुमारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
वहीं, अमर जीविका महिला ग्राम संगठन में आयोजित कार्यक्रम में भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार सरदार भी पहुंचे और महिलाओं से उनकी व्यक्तिगत एवं सामाजिक अपेक्षाओं के बारे में जानकारी ली। लगभग 25 जीविका दीदियों ने अपने अनुभव और मांगें साझा कीं।
इस संवाद कार्यक्रम में सामुदायिक समन्वयक खुशबू कुमारी व कुंदन करूण, संकुल लेखपाल विनोद कुमार, ग्राम संगठन लेखापाल परमानंद यादव, ललन कुमार, शंकर कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं