सुपौल। सदर प्रखंड अंतर्गत चैनसिंहपट्टी पंचायत के महुआ टोला में बुधवार को महिला संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को राज्य सरकार की योजनाओं से अवगत कराना और उनसे संवाद स्थापित करना था।
कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री एवं सुपौल के प्रभारी मंत्री मदन सहनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उनके साथ सांसद दिलेश्वर कामैत, ऊर्जा मंत्री के प्रतिनिधि राजेन्द्र यादव, 20 सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष नरेन्द्र ऋषिदेव, जिलाधिकारी कौशल कुमार, उप विकास आयुक्त सुधीर कुमार, अपर समाहर्ता कलीम अंसारी एवं जिला परियोजना प्रबंधक विजय कुमार सहनी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
कार्यक्रम में 250 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। इनमें से कई महिलाओं ने बताया कि उन्हें बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं—जैसे स्वयं सहायता समूह, पारिवारिक लाभ, पोषण, जीविका इत्यादि का प्रत्यक्ष लाभ मिला है। महिलाओं ने मंच पर अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इन योजनाओं ने उनके जीवन में किस तरह बदलाव लाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सहनी ने कहा, "महिला संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना, उनकी राय और अपेक्षाएं जानना और शासन को जनसंवाद के ज़रिये अधिक प्रभावी बनाना है।"
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय एवं नीतिगत स्तर की कुल 30 आकांक्षाएं एक निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से एकत्र की गईं, जिन्हें डिजिटल माध्यम से दस्तावेजीकृत किया गया।
यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल के रूप में सामने आया है।
कोई टिप्पणी नहीं