सुपौल। मरौना प्रखंड क्षेत्र के तोफिर सड़क मार्ग पर बुधवार को एक बाइक दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों की पहचान पंचगछिया कोनी गांव निवासी रौशन कुमार (25 वर्ष), पिता रामलखन यादव तथा रितेश कुमार (32 वर्ष), पिता महेश प्रसाद यादव के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार घायल युवक निर्मली बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तोफिर सड़क मार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी और दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, निर्मली में भर्ती कराया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक रजनीश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। फिलहाल घायल युवकों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं