सुपौल। मरौना थाना परिसर में गुरुवार को एक भावुक विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वर्तमान थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार के तबादले और नवपदस्थापित थानाध्यक्ष राजू कुमार के स्वागत को लेकर आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस-जन सहयोग और सामाजिक एकजुटता की सुंदर मिसाल देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों द्वारा माल्यार्पण, पाग, चादर और गुलदस्ता भेंट कर पूर्व थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार को सम्मानित करते हुए की गई। इस अवसर पर पूर्व मुखिया लक्ष्मी नारायण यादव, मुखिया जितेंद्र कुमार, एकता यादव, देवेंद्र ठाकुर, फिरोज आलम, देव नंदन यादव, विष्णु देव यादव, श्याम सुंदर यादव, प्रभास मंडल और कपिलेश्वर यादव सहित अनेक लोग मौजूद थे।
समारोह के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं। वक्ताओं ने थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार के तीन वर्षों के कार्यकाल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि उन्होंने न सिर्फ कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा, बल्कि आम लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध भी कायम किए।
भावुक स्वर में बोलते हुए कृष्ण कुमार ने कहा कि मरौना के लोगों से जो प्यार, सम्मान और सहयोग मिला, वह मेरी यादों में हमेशा बना रहेगा। नौकरी में स्थानांतरण एक प्रक्रिया है, लेकिन दिलों से जुड़ाव कभी नहीं जाता।
भाजपा नेता प्रभाष मंडल ने कहा कि कृष्ण कुमार के कार्यकाल में क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रहा और वे एक कुशल प्रशासक व संवेदनशील पुलिस अधिकारी के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने नए थानाध्यक्ष राजू कुमार का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र को अब उनसे नई ऊर्जा और समर्पण की अपेक्षा है।
समारोह में अजित कुमार, सुनील यादव, विवेक कुमार, शिव कुमार, लड्डू लाल यादव, ललन मंडल, भूपेंद्र यादव, देव नारायण ठाकुर, गौरी सिंह, राज नारायण यादव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मरौना में पुलिस और जनता के बीच विश्वास व सहयोग का रिश्ता बेहद मजबूत है।

कोई टिप्पणी नहीं