सुपौल। निर्मली अनुमंडल मुख्यालय स्थित कन्या मध्य विद्यालय में गुरुवार को विद्यालय शिक्षा समिति का गठन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। इस प्रक्रिया को विद्यालय परिसर में आयोजित आमसभा के माध्यम से पूर्ण किया गया, जिसकी अध्यक्षता वार्ड सदस्य सह पदेन अध्यक्ष विष्णुदेव महतो ने की।
गठन प्रक्रिया में बिहार सरकार के निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया गया, जिसकी निगरानी उच्च विद्यालय निर्मली के प्रधानाध्यापक सह पर्यवेक्षक संजय कुमार द्वारा की गई। आमसभा के दौरान समिति के विभिन्न पदों के लिए सदस्यों का चयन किया गया, जिसमें सचिव पद के लिए सर्वसम्मति से सोनी देवी को निर्वाचित किया गया।
समिति में सामाजिक समावेशिता को ध्यान में रखते हुए ममता देवी, रिंकू देवी, गीता देवी, चंदा देवी, मुन्नी देवी, सीमा देवी, सरिता देवी और बेबी देवी को सदस्य मनोनीत किया गया। इसके साथ ही पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, सामान्य वर्ग, जीविका समूह और बाल संसद के प्रतिनिधियों को भी समिति में शामिल किया गया, जिससे यह समिति और अधिक समावेशी एवं प्रभावशाली बनी है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बद्री नारायण वर्मा ने कहा कि शिक्षा समिति का गठन स्थानीय सहभागिता, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देगा। इससे विद्यालय प्रबंधन में समुदाय की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगी।
समिति गठन के बाद निबंधन की प्रक्रिया के लिए संकुल समन्वयक द्वारा अनुशंसा की गई है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक रामगुलाम पासवान, बैद्यनाथ प्रसाद गुप्ता, मनोरंजन प्रसाद, रंजू देवी, सुधा देवी, कुमारी माया, मिथिलेश कुमारी, सूफिया बानो शबनम, तेज नारायण पंडित सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं