सुपौल। जिला युवा कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को सुपौल स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष चुनचुन कुमार ने की। कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बिहार सह प्रभारी पुनीत सिंह और कोऑर्डिनेटर भारत शंकर जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव पुनीत सिंह ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस देश के युवाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक कार्यक्रम चला रही है, जिनकी समयबद्ध रूप से क्रियान्वयन की आवश्यकता है। उन्होंने सुपौल के युवा कार्यकर्ताओं की सक्रियता की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में पार्टी को मज़बूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कोऑर्डिनेटर भारत शंकर जोशी ने 'हर घर कांग्रेस का झंडा' कार्यक्रम को संगठन का एक प्रमुख अभियान बताया और इसे गांव-गांव, घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सभी विधानसभा क्षेत्रों को सेक्टर और ज़ोन में विभाजित कर संगठनात्मक ढांचे को और सशक्त बनाने की बात कही।
इस अवसर पर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विमल कुमार यादव ने कहा कि "युवा कांग्रेस पार्टी की जड़ है और इसे मज़बूत बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।" वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष अमरदीप कुमार ने कहा कि युवा कांग्रेस पूरी रणनीति और ऊर्जा के साथ आगामी चुनावों के लिए तैयार है।
बैठक में युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्ष्मण झा, कौशल कुमार यादव, सोकत राजा उर्फ़ सद्दाम, अबु कैश, रूपेश सिंह, चंदन कुमार, विवेक कुमार, राजू गुप्ता, प्रिंस कुमार, वीरेंद्र कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं