सुपौल। कोसी नदी के जलस्तर में शुक्रवार को लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। शाम 6 बजे तक जलस्तर 1,25,965 क्यूसेक तक पहुंच गया, जो बढ़ते क्रम में बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए कोसी बराज के 18 फाटकों को खोल दिया गया है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि जल अधिग्रहण क्षेत्र नेपाल स्थित बराहक्षेत्र में शुक्रवार शाम से जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि कोसी नदी में जलस्तर में थोड़ी और बढ़ोतरी के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह 6 बजे बराहक्षेत्र में जलस्तर 76,400 क्यूसेक था, जो दोपहर 2 बजे तक बढ़कर 96,125 क्यूसेक हो गया। लेकिन इसके बाद इसमें कमी आनी शुरू हुई और शाम 6 बजे तक जलस्तर घटकर 86,250 क्यूसेक दर्ज किया गया।
चीफ इंजीनियर वरुण कुमार ने बताया कि कोसी नदी का जलस्तर बढ़ा है, और यह 1.30 लाख से 1.35 लाख क्यूसेक तक जा सकता है। हालांकि बराहक्षेत्र में कमी के संकेत हैं, जिससे जल्द ही नदी का जलस्तर घटने की संभावना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों तटबंधों के सभी स्पर और स्टर्ड पूरी तरह सुरक्षित हैं और लगातार निगरानी की जा रही है। फिलहाल कहीं भी किसी प्रकार के खतरे की स्थिति नहीं है।
प्रशासन सतर्क है और तटबंधों पर निगरानी व चौकसी लगातार जारी है। जनता से भी अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
कोई टिप्पणी नहीं