सुपौल। एसएसबी 45वीं बटालियन की सीमा चौकी पिपराही ने रतनपुरा थाना के साथ संयुक्त अभियान चलाकर गुरुवार को 70 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
कमांडेंट गौरव सिंह ने जानकारी दी कि सीमा पार से हो रही तस्करी पर रोक लगाने के लिए एसएसबी के अधिकारी और जवान पूरी मुस्तैदी के साथ चौकसी कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी जवानों ने तस्करों की योजना नाकाम कर दी।
सूचना मिली थी कि स्पर संख्या 1000 के समीप कोसी नदी के किनारे मादक पदार्थ छुपा कर रखा गया है। सूचना के आधार पर संयुक्त नाका पार्टी मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान सफेद रंग की दो बोरियां बरामद हुईं। जांच करने पर बोरियों में 70 किलो गांजा पाया गया।
कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद गांजा को थाना रतनपुरा को सुपुर्द कर दिया गया। इस अभियान में एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक बालकृष्ण, बिहार पुलिस के सहायक उप निरीक्षक सुमित सहित अन्य जवान मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं