Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

धानुक मिलन समारोह में जातीय हक़ों व पहचान को लेकर उठी बुलंद आवाज़


सुपौल। अखिल भारतीय धानुक उत्थान महासंघ, जिला शाखा सुपौल के तत्वावधान में रविवार को पिपरा प्रखंड अंतर्गत महेशपुर पंचायत के सिहरौल टोला, वार्ड संख्या 13 में धानुक मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सत्यनारायण मंडल के आवास पर संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेन्द्र महतो ने की।

समारोह की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद जिलाध्यक्ष श्री महतो ने अपने संबोधन में समाज की ऐतिहासिक और वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि धानुक समाज एक राष्ट्रीय जाति है, जो पूरे भारतवर्ष में विभिन्न नामों और उपनामों से जानी जाती है। धानुक, धानक, धानुका, धनिक, धनवार, धेनुक, धनुर्धारी, धनुष क्षत्रिय, धाकड़, धनुवंशी, वर्मा, मंडल, मेहता, महतो, पटेल, रावत आदि कई टाइटल इसी समाज की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि आदिकाल में धनुष-वाण बनाना और चलाना इस जाति का परंपरागत पेशा रहा है, लेकिन समय के साथ इस पेशे की उपयोगिता खत्म हो गई। नतीजतन यह समाज धीरे-धीरे बेरोजगारी, गरीबी और अशिक्षा के कारण पिछड़ता चला गया।

श्री महतो ने कहा कि आज भी धानुक समाज के लोग बड़े पैमाने पर बाल मजदूरी, खेतिहर मजदूरी, पशुपालन और दिहाड़ी का काम करने को विवश हैं। बड़ी संख्या में परिवार रोज़गार की तलाश में महानगरों की ओर पलायन कर बदहाल जिंदगी जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में धानुक समाज के साथ वर्षों से नाइंसाफी और भेदभाव होता आया है। अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल किए जाने की मांग को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन, जुलूस और आंदोलन हुए हैं, लेकिन सरकार केवल आश्वासन ही देती रही है।

अन्य वक्ताओं ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और समाज को संगठित होकर संघर्ष करने पर बल दिया। वक्ताओं में प्रो. हरेराम मंडल, नवोदय विद्यालय मधेपुरा के पूर्व प्राचार्य सियाराम मंडल, कार्यकारी अध्यक्ष जीवछ मंडल, कामेश्वर मंडल, चिंतानंद मंडल, हरेराम मंडल, प्रखंड अध्यक्ष सुरेन्द्र मंडल, राजेश मंडल, रविन्द्र मंडल, मनोज मंडल, सत्यदेव राउत, सत्यनारायण मंडल, ललन मंडल, नवीन कुमार उर्फ गोपी मंडल, महेन्द्र मंडल, उपेन्द्र मंडल, जगदीश मंडल, सीताराम मंडल, चन्द्रदेव मंडल, रामचन्द्र मंडल, कृष्णदेव मंडल, विनोद कुमार मंडल, उमेश कुमार राय और चन्द्रभूषण मंडल सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।

अंत में जिलाध्यक्ष राजेन्द्र महतो ने आयोजक एवं सभी उपस्थित साथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और सभा की कार्यवाही समाप्त की।

कोई टिप्पणी नहीं