सुपौल। दशहरा पर्व को लेकर सोमवार को कुनौली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राजू कुमार ने की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। थानाध्यक्ष राजू कुमार ने कहा कि दशहरा हर्ष और उल्लास का पर्व है, इसे आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रशासन को हर संभव सहयोग देने और किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। साथ ही कहा कि पूजा-पंडालों, मंदिरों और अन्य स्थलों पर होने वाली गतिविधियों की जानकारी प्रशासन तक तुरंत पहुंचाई जानी चाहिए।
बैठक में म० राशिद, म० हासिम, जीबछ मेहता, अनिता देवी, राजाराम गुप्ता, दीप नारायण साह, म० सलाम सहित कई समाजसेवी, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शांति और सौहार्द के साथ दशहरा पर्व मनाने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में थानाध्यक्ष राजू कुमार ने सभी को दशहरा की शुभकामनाएं दीं और कहा कि पुलिस प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
कोई टिप्पणी नहीं