सुपौल। आगामी छठ महापर्व को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सावन कुमार ने जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने विशेष रूप से गांधी मैदान, बीआरसी परिसर और शनि मंदिर के आसपास स्थित घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था और पवित्रता का प्रतीक है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों की साफ-सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। रोशनी की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि संध्या और प्रातः अर्घ्य के समय कोई दिक्कत न हो। चिकित्सा सुविधा एवं आपातकालीन सेवाएं घाटों पर उपलब्ध कराई जाएं। नदी किनारे बैरिकेडिंग की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। घाटों की ओर जाने वाले मार्गों को दुरुस्त और साफ रखा जाए।
इस मौके पर जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक सुपौल, नगर परिषद के मुख्य पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित समयसीमा में सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के आस्था के इस महापर्व को संपन्न कर सकें।
कोई टिप्पणी नहीं