सुपौल। बसंतपुर प्रखंड कांग्रेस कार्यालय मैदान में रविवार को प्रखंड कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में कांग्रेस पार्टी का 140वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी का ध्वजारोहण भी किया गया।
मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना 28 दिसंबर 1885 को हुई थी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना में सेवानिवृत्त ब्रिटिश सिविल सेवक ए.ओ. ह्यूम की अहम भूमिका रही। वहीं कांग्रेस का पहला अधिवेशन बंबई के गोखुलदास तेजपाल संस्कृत कॉलेज में आयोजित किया गया था, जिसमें 72 प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। इस अधिवेशन में व्योमेश चंद्र बनर्जी को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का प्रथम अध्यक्ष चुना गया था।
उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी का 140वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और धूमधाम से मना रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी से लेकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तक ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर बीरपुर नगर अध्यक्ष अनिस अख्तर, प्रदेश प्रतिनिधि शमसेर आलम, मुकेश यादव उर्फ पप्पू, हाजी शलिम, ज्ञानी पासवान, प्रेमचंद गुप्ता सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं