सुपौल। छातापुर प्रखंड क्षेत्र के राजेश्वरी पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या आठ में रविवार अपराह्न राष्ट्र की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेस फेडरेशन के प्रदेश संयुक्त सचिव सह स्थानीय मुखिया की अध्यक्षता में किया गया।
जयंती समारोह की शुरुआत बुद्ध वंदना एवं भारतीय संविधान की प्रस्तावना के वाचन के साथ हुई। इसके पश्चात सावित्रीबाई फुले के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर संस्था की ओर से गरीब बच्चों के बीच किताब, कॉपी और कलम का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजीनियर एल.के. निराला ने अपने संबोधन में कहा कि सावित्रीबाई फुले को राष्ट्र की प्रथम महिला शिक्षिका बनने का गौरव प्राप्त है। सामाजिक विरोध और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा ग्रहण की और महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1848 में सावित्रीबाई फुले द्वारा प्रथम बालिका विद्यालय की स्थापना कर बालिका शिक्षा को नई दिशा दी गई।
कार्यक्रम को कृष्णा राज, बिरेंद्र राम, ममता, श्रवण यादव, राजकिशोर कुशवाहा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और सावित्रीबाई फुले के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नादिर पासवान, गुंजन कुमारी, अनीता देवी, सीता देवी, समृद्ध कुमारी, जीता देवी, रणधीर राम, संतोष कुमार पासवान, बीना देवी, आरती कुमारी, सुधा देवी, रेनू देवी, पूनम देवी, विद्यानंद राम, रूपेश कुमार, प्रदीप राम, सिकंदर कुमार, सुनील राम, दिनेश राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

कोई टिप्पणी नहीं