सुपौल। त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत डपरखा वार्ड संख्या 25 निवासी अखिल भारतीय भगैत महासम्मेलन के पूर्व कोषाध्यक्ष सह प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय सिंहेश्वर प्रसाद यादव की दूसरी पुण्यतिथि शनिवार को उनके स्मारक स्थल पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर अखिल भारतीय भगैत महासम्मेलन से जुड़े पदाधिकारियों, समाजसेवियों एवं क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने स्व. सिंहेश्वर प्रसाद यादव की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत भगैत गायन का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने पौराणिक कथाओं, सामाजिक मूल्यों एवं लोक संस्कृति से जुड़े प्रसंगों को सजीव प्रस्तुति के माध्यम से लोगों के सामने रखा।
मौके पर समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि स्वर्गीय सिंहेश्वर प्रसाद यादव अपने जीवनकाल में सदैव जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे। उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने लंबे समय तक अखिल भारतीय भगैत महासम्मेलन के कोषाध्यक्ष पद पर रहकर संगठन को मजबूती प्रदान की और निधन तक इस पद पर बने रहे।
उन्होंने बताया कि स्व. यादव ने क्षेत्र में कई भव्य भगैत महासम्मेलनों का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया। धार्मिक आयोजनों के प्रति उनकी विशेष रुचि थी और वे भगैत के ग्रंथों के गहन जानकार थे। भले ही वे आज हमारे बीच शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और कार्य सदैव लोगों को प्रेरणा देते रहेंगे।
वहीं स्वर्गीय सिंहेश्वर प्रसाद यादव के पुत्र दीपनारायण यादव ने कहा कि उनके पिता द्वारा समाज सेवा और भगैत महासम्मेलन के क्षेत्र में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने का वे हरसंभव प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में महेश्वरी यादव, दीपनारायण यादव, संजय कुमार रंजन, रामचंद्र यादव, बिंदेश्वरी यादव, अरुण यादव, कारी यादव, हरिनारायण यादव, सागर यादव, संतोष कुमार, अर्जुन यादव, सुनील कुमार, सतीश कुमार आलोक, अजित कुमार, मनीष कुमार, सुरेश यादव, प्रिंस कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं