सुपौल। सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय परिसर से बुधवार को ‘भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस’ (विज्ञान रथ) को विधिवत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह कार्यक्रम 26 फरवरी 2026 से 10 मार्च 2026 तक जिले के विभिन्न विद्यालयों में संचालित किया जाएगा।
यह पहल विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पटना तथा बिहार राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, पटना के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं तक प्रयोगात्मक एवं व्यवहारिक वैज्ञानिक ज्ञान पहुंचाना है।
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विज्ञान रथ जिले के विभिन्न स्कूलों का भ्रमण करेगा। इस दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान से जुड़े मॉडल, रोचक प्रयोग और नवीन तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया जाएगा, जिससे वे विज्ञान को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उसे व्यवहार में भी समझ सकें।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा, कार्यक्रम समन्वयक आशीष आनंद एवं सुनील कुमार साहू, प्राध्यापकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना और तार्किक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए इसे अत्यंत लाभकारी बताया।
कार्यक्रम समन्वयकों ने बताया कि विज्ञान रथ के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक अधिगम (Experiential Learning) का अवसर मिलेगा, जिससे वे विज्ञान को समझने के साथ-साथ उसे दैनिक जीवन में लागू भी कर सकेंगे।
राज्य में वैज्ञानिक चेतना के प्रसार और नवाचार संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं