Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

पुलिस सप्ताह पर बरुआरी विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा व महिला अधिकारों की दी गई जानकारी




सुपौल। बिहार पुलिस सप्ताह के अवसर पर सदर प्रखंड अंतर्गत बरुआरी स्थित तेजेन्द्र उच्च माध्यमिक विद्यालय बरुआरी में गुरुवार को महिला थाना द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, कानूनी अधिकारों और पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी देना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अंजू तिवारी ने कहा कि आज के दौर में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने बताया कि कई बार बच्चे और किशोर अनजाने में साइबर अपराध का शिकार हो जाते हैं, इसलिए सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अभिभावक या पुलिस को देने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति परेशान करता है, डराता है या गलत व्यवहार करता है तो चुप न रहें। महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 और आपातकालीन सेवा 112 पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। पुलिस हर समय आपकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।

सदर थाना महिला हेल्प डेस्क की प्रभारी अनुराधा राज ने छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छेड़खानी, उत्पीड़न या धमकी की स्थिति में डरने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि साहसपूर्वक आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने गुड टच और बैड टच के बारे में भी बच्चों को जागरूक किया और किसी भी असुरक्षा की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेन्द्र कुमार ने महिला थाना की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी जानकारी भी आज के समय में अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने साइबर अपराध, बाल संरक्षण कानून, महिला सुरक्षा तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही बच्चों को अनुशासन, कानून के सम्मान और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं