सुपौल। राघोपुर प्रखंड के गणपतगंज स्थित हाई स्कूल मैदान में आयोजित गणपतगंज क्रिकेट लीग 2026 के पांचवें दिन रविवार को दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में बॉयज इलेवन सहरसा और मतीन इलेवन सुपौल के बीच जोरदार मुकाबला खेला गया, जिसमें बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर बॉयज इलेवन सहरसा ने 49 रनों से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
टॉस जीतकर बॉयज इलेवन सहरसा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में सहरसा की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाने में सफल रही। टीम की ओर से गोविंद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 34 रन की उपयोगी पारी खेली, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी। मतीन इलेवन सुपौल के गेंदबाजों ने मध्य ओवरों में विकेट निकालकर दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन सहरसा ने अंतिम ओवरों में रन गति बनाए रखी।
151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मतीन इलेवन सुपौल की शुरुआत बेहद खराब रही। सहरसा के गेंदबाजों के आगे सुपौल के बल्लेबाज टिक नहीं सके और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कमजोर बल्लेबाजी के कारण मतीन इलेवन की पूरी टीम 16वें ओवर में 101 रन पर सिमट गई।
इस तरह बॉयज इलेवन सहरसा ने 49 रनों से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। सहरसा की ओर से गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण दोनों ही काबिले-तारीफ रहा। शानदार गेंदबाजी करते हुए इजराइल ने 4 ओवर में 3 विकेट झटककर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
मैच के दौरान मैदान में मौजूद बड़ी संख्या में दर्शकों ने रोमांचक मुकाबले का भरपूर आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अब टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सोमवार को टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल त्रिवेणीगंज और किसनपुर के बीच खेला जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं