सुपौल। मैट्रिक परीक्षा 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर 16 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर० एस० द्वारा मध्य विद्यालय खरैल, पुनर्वास स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण 17 फरवरी 2026 से प्रारंभ होने वाली मैट्रिक परीक्षा की तैयारियों के मद्देनज़र किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल की उपलब्धता, शौचालय की स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी तैयारियों का गहन अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने केंद्राधीक्षक को निर्देश दिया कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक शरथ आर० एस० ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने पर जोर देते हुए कहा कि परीक्षा अवधि में केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगने दी जाए तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
प्रशासन की ओर से की जा रही सख्त तैयारियों से यह स्पष्ट है कि मैट्रिक परीक्षा 2026 को पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं