सुपौल। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में सदर प्रखंड अंतर्गत एकमा पंचायत के बड़ा गांव वार्ड संख्या 10 में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत ग्रामीणों के साथ एक ज्ञापन सुपौल जिला पदाधिकारी को सौंपा गया।
यह विरोध प्रदर्शन योगेंद्र यादव के घर से लेकर लक्ष्मी पासवान के घर तक जर्जर हो चुकी सड़क के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर किया गया। इस दौरान श्री झा ने कहा कि ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि जल्द से जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे आगामी किसी भी चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1992 में इस सड़क का निर्माण हुआ था, लेकिन इसके बाद अब तक दोबारा निर्माण नहीं कराया गया। वर्तमान में सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस मार्ग से वार्ड 10 और 11 के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। खास बात यह है कि इसी सड़क के पास प्लस टू विद्यालय भी स्थित है, जिससे विद्यार्थियों को विशेषकर बरसात के मौसम में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो इस मुद्दे को लेकर आंदोलन और तेज किया जाएगा तथा संघर्ष लगातार जारी रहेगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे, जिनमें प्रमुख रूप से तारिणी पासवान, योगेंद्र पासवान, विमल दास, गोलू कुमार, सुंदर कुमार, त्रिवेणी पासवान, बद्री प्रसाद दास, जयप्रकाश कुमार, दीपक कुमार, बद्री यादव, रोहित कुमार, घनश्याम यादव, अनीता देवी, गुंजन देवी एवं पार्वती देवी शामिल थीं।

कोई टिप्पणी नहीं