सुपौल। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के गणपतगंज स्थित हाई स्कूल मैदान में बाल विजय क्रिकेट क्लब के बैनर तले आयोजित गणपतगंज क्रिकेट लीग 2026 के छठे दिन सोमवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। यह रोमांचक मुकाबला किसनपुर और त्रिवेणीगंज की टीमों के बीच हुआ, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान में मौजूद रहे।
टॉस जीतकर किसनपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय टीम के लिए घातक साबित हुआ। किसनपुर की बल्लेबाजी बेहद कमजोर रही और पूरी टीम महज 15 ओवर में 85 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। त्रिवेणीगंज के गेंदबाजों के सामने किसनपुर के बल्लेबाज टिक नहीं सके और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही।
त्रिवेणीगंज की ओर से मुर्शिद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 12 रन देकर 4 विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। 86 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी त्रिवेणीगंज की टीम ने संयमित और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने कुछ विकेट गंवाए, लेकिन अंततः 17वें ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और सेमीफाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया।
शानदार प्रदर्शन के लिए त्रिवेणीगंज के खिलाड़ी मुर्शिद को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस जीत के साथ ही त्रिवेणीगंज की टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला बॉयज इलेवन सहरसा और त्रिवेणीगंज के बीच खेला जाएगा। फाइनल को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
गणपतगंज क्रिकेट लीग 2026 के आयोजन से क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है, जिससे ग्रामीण इलाकों में क्रिकेट के प्रति रुचि और उत्साह लगातार बढ़ रहा है। अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हुई हैं, जहां दर्शकों को एक रोमांचक और यादगार मुकाबले की उम्मीद है।

कोई टिप्पणी नहीं