सुपौल। पिपरा–सुपौल मुख्य मार्ग एनएच 327ई पर बुधवार दोपहर कटैया रही के समीप तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस के सहयोग से सभी घायलों को सदर अस्पताल सुपौल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बभनगंमा निवासी अभिनाश कुमार, मनीष कुमार और चांदनी कुमारी एक ही बाइक पर सवार होकर सुपौल जा रहे थे। जैसे ही वे कटैया रही स्थित डाकघर के पास पहुंचे, सुपौल की ओर से आ रहे कटैया गोठ निवासी सचिन कुमार की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें सचिन कुमार की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। बताया जाता है कि मनीष और अभिनाश, चांदनी को मार्केटिंग के लिए सुपौल ले जा रहे थे, जबकि सचिन सुपौल से अपने घर कटैया गोठ लौट रहे थे।

कोई टिप्पणी नहीं