Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

किशनपुर : प्रखंड पंचायत समिति की बैठक में हुआ हंगामा, कई विभागों पर लगे गंभीर आरोप

 



सुपौल। किशनपुर प्रखंड पंचायत समिति की सामान्य बैठक बुधवार को टीसीपी भवन में प्रमुख सुनीता कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत होते ही सदस्यों द्वारा विभिन्न विभागों की लापरवाही को लेकर हो-हंगामा शुरू हो गया। कई महत्वपूर्ण विभागों के पदाधिकारियों के अनुपस्थित रहने के कारण संबंधित विभागों की समीक्षा अधूरी रह गई, जिस पर सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जताई। अध्यक्ष के निर्देश पर अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

बैठक की शुरुआत में प्रमुख सुनीता कुमारी ने पंचायत समिति सदस्यों को संबोधित किया। इसके बाद कार्यपालक पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी पिंकी कुमारी ने बैठक के एजेंडे पर चर्चा करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कस्टम मद एवं 15वीं वित्त आयोग के अंतर्गत कार्य योजना का चयन, ग्रामीण पाइप जलापूर्ति, शिक्षा विभाग सहित अन्य बिंदुओं पर विचार किया जाना है।

बैठक के दौरान सदस्यों ने विभागीय पदाधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। परसा माधो पंचायत के मुखिया राजकुमार शाह ने आरोप लगाया कि उनके पंचायत में कई आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित नहीं हो रहे हैं तथा एलएस द्वारा प्रति माह ₹2000 की अवैध वसूली की जा रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

करेहिया पंचायत समिति सदस्य अशोक मंडल ने टीएचआर वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया। पीएचडी विभाग के पदाधिकारी की अनुपस्थिति के कारण जलापूर्ति की समीक्षा नहीं हो सकी। सदस्यों ने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में पानी में अत्यधिक आयरन की मात्रा है, जगह-जगह पाइप फटे हुए हैं, जिससे अनावश्यक रूप से पानी बह रहा है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों के नहीं आने पर भी बैठक में नाराजगी देखने को मिली। परसा माधव और मौजहा पंचायत के मुखिया ने आरोप लगाया कि शिक्षक समय से विद्यालय नहीं आते, केवल हाजिरी बनाकर चले जाते हैं। मौजहा पंचायत के मुखिया ने कहा कि बुढ़िया डीह वार्ड नंबर 8 स्थित स्कूल में कोई भी शिक्षक नियमित नहीं आता है और मध्यान्ह भोजन भी बंद है।

समिति सदस्य दिलीप कुमार यादव ने आरोप लगाया कि निजी विद्यालयों में गरीब बच्चों का नामांकन नहीं किया जा रहा है, जबकि 25 प्रतिशत आरक्षण के नाम पर फर्जी निकासी की जा रही है। उन्होंने इसकी जांच की मांग की। वहीं समिति सदस्य उमेश कुमार यादव ने स्वर्गीय गंगाराम यादव के परिजनों को बासगीत पर्चा नहीं मिलने का मामला उठाते हुए कार्यालय पर लापरवाही का आरोप लगाया।

अशोक मंडल ने बिजली विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि 125 यूनिट बिजली मुफ्त होने के बावजूद गरीब उपभोक्ताओं से अवैध रूप से राशि वसूली जा रही है। दिलीप कुमार यादव ने कहा कि बिना पैसे दिए मीटर नहीं लगाया जा रहा है और कई लोगों से ₹1700 लेकर मीटर दिया गया है। नौआ बखर पंचायत के वार्ड नंबर 14 में पिछले छह माह से एलटी पोल टूटे होने का मामला भी उठाया गया।

समिति सदस्य उमेश कुमार यादव ने शिवपुरी पंचायत सहित अन्य पंचायतों में सोलर प्लेट लाइट खराब रहने तथा सुखासन पंचायत में मोटा बिजली तार टूटे रहने की शिकायत की। एफसीआई गोदाम में अधिकांश ट्रैक्टर खराब रहने से समय पर डीलरों को खाद्यान्न आपूर्ति नहीं होने का मुद्दा भी बैठक में उठा।

किशनपुर उत्तर पंचायत की समिति सदस्य हीरा देवी ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में पहले से चार पानी प्लांट खराब पड़े हैं, बावजूद इसके दो नए प्लांट लगाए जा रहे हैं, जो सरकारी राशि के दुरुपयोग का मामला है।

उमेश यादव ने शिवपुरी पंचायत के वार्ड नंबर 9 में 20 लाख की लागत से बने नाले को एक साल में ही जर्जर हो जाने और घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। साथ ही वार्ड नंबर 8 एवं 11 में बने आंगनबाड़ी भवनों को भी घटिया सामग्री से बना बताया।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी पिंकी कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रवीण कुमार, सहकारिता पदाधिकारी कमलेश कुमार, बिजली विभाग के जेई, डॉक्टर अभिलाष कुमार वर्मा, डॉक्टर दिलीप कुमार सहित कई मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्य मौजूद थे। 

कोई टिप्पणी नहीं