सुपौल। उत्कृमित मध्य विद्यालय विशुनिया के 55 छात्र-छात्राओं का दल मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत शैक्षणिक परिभ्रमण के लिए रवाना किया गया। विद्यालय परिसर से प्रधानाध्यापक अजय कुमार ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
परिभ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं विष्णु मंदिर, कोसी बैराज सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करेंगे। प्रधानाध्यापक ने बताया कि इन स्थलों के भ्रमण से बच्चों को धार्मिक, ऐतिहासिक एवं भौगोलिक महत्व की जानकारी प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को राज्य की सांस्कृतिक विरासत एवं विकास परियोजनाओं से परिचित कराना है। कोसी बैराज जैसे महत्वपूर्ण स्थल को देखने से विद्यार्थियों को जल संसाधन प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण संबंधी जानकारी भी मिलेगी, जो उनके ज्ञानवर्धन में सहायक सिद्ध होगी।
रवाना होने से पूर्व बच्चों को अनुशासन बनाए रखने तथा शिक्षकों के निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिभ्रमण के दौरान शिक्षक जयकुमार यादव, शिवानंद मंडल, शिक्षिका ललन कुमारी एवं रूबी देवी बच्चों के साथ रहेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष तारा देवी, सचिव बबली देवी तथा सेवानिवृत्त शिक्षक सह जमीन दाता जगदीश प्रसाद यादव भी मौजूद थे। छात्र-छात्राओं में शैक्षणिक यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा गया और वे खुशी-खुशी बस पर सवार होकर अपने परिभ्रमण के लिए रवाना हुए।

कोई टिप्पणी नहीं